Thokar-Ek Abhage Ki Dastaan
Lyrics
वार्ता: – प्रेमी जनों आज मैं एक ऐसी अभागन माँ की दुखभरी कहानी सुनाने जा रहा हूँ
जिसने अपने पति की मौत के बाद अपना सारा जीवन बेटे श्रवण की ख़ुशी के लिए
सौंप दिया , गरीब होके भी कभी बेटे को गरीबी का एहसास न होने दिया लेकिन
बड़ा होकर उसके इकलौते बेटे ने इस ममता का क्या सिला दिया आइये सुनते है
इस कथा के माध्यम से -
M: -एक ऐसे अभागे की सुनाता हूँ दास्तान जिसने किया कभी न अपनी माता का सम्मान
हो गई देर गलती का जब उसको आया ध्यान कमान से जो छूटा फिर न लौटा कभी बाण
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
M: -एक दुखिया रहा करती थी छोटे से गाँव में वो हारी पति अपना थी जीवन के दांव में
एक बेटा शहर में था माँ की आँखों का तारा उम्मीद यही थी की माँ को देगा सहारा
लेकिन किया वो जाके शहर माँ से किनारा वर्षो तलक वो लौट ना घर आया दुबारा
न लेता सुध न आता मिलने के वास्ते रहता शहर में पत्नी के संग वो तो ठाट से
माँ कहती प्रभु से बहाके अपने अश्रु धार रहे बेटा सलामत करूँ विनती मै बारम्बार
अर्जी मेरी इतनी सी बाबा कर लेना स्वीकार कब आएगा बेटा था माँ को इसका इंतज़ार
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए कभी चैन वो न पाए
M: -एक दिन अचानक उसका बेटा लौट आया गाँव दहलीज़ पे जैसे ही रखा उसने अपना पाँव
माँ रोने लगी बेटे को सीने से लगाकर बोली श्रवण तू भूला माँ परदेस में जाकर
अब जाने न दूंगी शहर में तुझको दुबारा तुम सब के सिवा कौन यहाँ मेरा सहारा
बेटे ने हँस के टाल दिया माँ की बात को आया है वहां क्यों बताया उसने रात को
वो बोला माँ तेरे बिना अब लगता नहीं मन बिन तेरे अपना फीका पड़ गया है ये जीवन
हम साथ रहेंगे मेरा बस तुमसे ये कहना तुम भी शहर चलोगी मना अब नहीं करना
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए कभी चैन वो न पाए
M: -बेटे की बात सुनके उमड़ा ममता का सागर तय कर लिया अब रहना हमें बेटे के घर पर
हर साल एक बार अपने गाँव आउंगी देखभाल घर की करके फिर मैं लौट जाउंगी
मन में ख़ुशी के फूल खिले बस ये सोचकर हंस बोल बहू बेटे संग ये गुजरेगी उमर
पर दूर घर से होने का था माँ को बड़ा गम सुख दुःख का अनूठा बना था मन में ये संगम
बेटे के संग चली जो अपना गाँव छोड़कर निकले थे आंसू नैनों के बांधों को तोड़कर
समझा बुझा के माँ को बेटा लेके जाता है वो आगे बढ़ते गाँव पीछे छूट जाता है
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
M: -जब अपनी माँ को लेके शहर आ गया श्रवण तब उसकी पत्नी राधिका हंस पड़ी मन ही मन
सुलग रही थी उसके दिल में धूर्तता की आग पर कर दिखावा बोली माँ आई तो खुले भाग
मन में छुपा कपट वो रखती सासू माँ का ध्यान लेकिन बहू की चाल से थी बूढी माँ अनजान
कुछ दिन के बाद उसने दिखाया फिर अपना रंग
हर बात पे वो सासू माँ को करने लगती तंग
तब बेटे से जाकर के कर दी माँ ने शिकायत पत्नी से कुछ कहे न थी ये बेटे में हिम्मत
होकर दुखी तब माँ ने सोचा अब न सहना है मैं लौट जाऊं गाँव यहाँ अब न रहना है
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
M: -घर वापसी करने के लिए माँ हुई तैयार तब बोला श्रवण माँ वहां तेरा जाना है बेकार
माँ सोची मेरा बेटा अब आएगा मेरे पास शायद मेरे बेटे को हुआ भूल का अहसास
लेकिन सुना जो आगे उसने होश उड़ गए कुछ बोल भी न पाई जैसे होंठ जुड़ गए
बेटे के मन में क्या छुपा न माँ को थी खबर माँ से छुपा बेटे ने बेच डाला था वो घर
माँ को लगा उसपे गिरी कई बिजलियाँ हजारबहती चली आखों से उसके आंसुओ की धार
छाने लगा आँखों के आगे उसके अन्धकार अगले ही पल गिरी वो जैसे खा गई पछाड़
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
वार्ता: – माँ के बेहोश होते ही से श्रवण की पत्नी मन ही मन सोचती है माँ को यहाँ से निकालने का
इससे बेहतर कोई और मौका नहीं मिलेगा वो श्रवण के पास जा कानो में कुछ
फुसफुसाती है उसकी बात सुन श्रवण पहले तो कुछ सोच में पड़ जाता है फिर वो सहमत
हो जाता है और फ़ौरन गाड़ी में माँ को लेकर निकल पड़ता है और फिर क्या हुआ आइये
सुनते हैं -
M: -जब होश में आई तो माँ ने देखा नया घर वो बोल पड़ी खुद से कैसे आई यहाँ पर
तब बोला एक अनजान जिससे तोड़े जग नाता उन सारे बेसहारो को ये घर है अपनाता
एक दुसरे की सुनते सुनाते है अपने गम हम बूढ़े लाचारो का घर कहलाता वृद्धाश्रम
हमने सुना फूटपाथ पे तुम पडी थी बेदम आ गया तुमपे एक भले मानस को रहम
वो अपनी कार से यहाँ लेकर तुम्हे आया पूछा जो उससे नाम तो श्रवण है बतलाया
भगवन से कर शिकवा माँ रोती है फूट फूट मुझे बाँझ ही रख देते जनम देती न कपूत
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
M: -रो रोके काटने लगी माँ अपने दिन और रात कहती प्रभु के आगे झुका रोज अपना माथ
हे बाबा पूरी करना मेरी बस यही एक चाह भटकी है बुद्धि बेटे की दिखलाना उसे राह
हैं लोग सभी कहते करम का ये फेर है भगवान के घर देर पर नहीं अंधेर है
जो जैसा करम करता वो फल वैसा पाता है विधाता अपना खेल तो दिखा के जाता है
जब भरके पाप का घड़ा हो जाता है भारी प्रभु पापी से निपटने की हैं करते तैयारी
फिर फैल गई शहर में भीषण महामारी अपने भी डरे सेवा से ये फैले बिमारी
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
M: -इस रोग की चपेट में जब आ गया श्रवण फिर अस्त व्यस्त होके नरक बन गया जीवन
रंग पत्नी ने भी बदला इस बुरे हाल में न देखने कभी गयी उसे अस्पताल में
भूले से इस बीमारी का उसपे न हो असर इस बात का हमेशा से था उसको रहता डर
कभी वार्ड में पति के नहीं खुद वो जाती थी फल आदि ले कमरे के बाहर रख के आती थी
बंद कमरे में श्रवण कराहता रात रात भर भर आते दोनों नैना अपनी माँ को याद कर
माँ कैसे उसे सीने से लगाके रखती थी दे नींद चैन की उसे माँ जगती रहती थी
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
वार्ता: –बुरे दिनों में ही इंसान की पहचान होती है l श्रवण की पत्नी अपने पति को इस हाल में छोड़
खुद को सुरक्षित रखने के लिए अपने मायके चली जाती है दूसरी ओर जिस माँ को श्रवण
ने धोखा देकर दुःख पहुंचाया वो अब भी बेटे के लिए भगवान् से मंगल कामना करती है l
ये माँ की ममता की शक्ति ही तो है कि दूर रहके भी उसके दिल को संतान की खबर
मिलती रहती है l एक दिन अचानक माँ का दिल अचानक बेटे के लिए बैचेन हो उठा और
फिर उस रात क्या होता है आइये आगे सुनाता हूँ -
M: -बच्चों के लिए माँ का दिल कुछ ख़ास होता है बिन बोले उनके दर्द का एहसास होता है
सपने में माँ ने रोते हुए देखा श्रवण को अनहोनी घटी हो कहीं संदेह हुआ मन को
कहते हैं पूत कपूत हो पर माँ न कुमाता बेटे के गुनाहों को भी दिल माफ़ कर जाता
पौ फटने के पहले ही वो चल देती है शहर लोगों से पता पूछ, पहुँचती श्रवण के घर
लेकिन अचानक पैर उसके रुकते ठिठककर गुस्से में भर आती करम बेटे की याद कर
अगले ही पल फिर बढ़ती आगे शिकवे भुलाकर दरवाज़े पे ताला लटकता आता है नज़र
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
M: -माँ को फ़िकर हो जाती बंद दरवाजे देख कर वो पूछती एक जाते पडोसी को रोककर
बेटा श्रवण कहाँ गया जो रहता यहाँ पर बोला पडोसी ढूँढो अस्पताल में जाकर
पड़ा तुम्हारा बेटा कई दिनों से है बीमार नजदीकी अस्पताल में चल रहा है उपचार
सुन बेटे की बीमारी उस से रहा न गया बेटे का दर्द उसके दिल को सहा न गया
पागल सी भागके गई वो अस्पताल में बेटा पड़ा तड़प रहा था बुरे हाल में
देखा जो माँ को तो श्रवण लगा था सिसकने लिपटा लिया बेटे को माँ ने सीने से अपने
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
M: -देखा जो माँ को डॉक्टर ने तो बोला ये आकर ये छूत की बिमारी बैठो बाहर तुम जाकर
माँ ने कहा पड़े जो मरना मैं न डरूँगी बेटे की मौत देखने से पहले मरूंगी
चाहे मुझे कुछ हो भी जाए तो न हटूंगी जब तक है जान तन में इसकी सेवा करुँगी
मंजूरी मिली रहने की बेटे के साथ में माँ ने फिराया हाथ फिर बेटे के माथ पे
हर रोज़ दुआ मांगती माँ बाबा श्याम से दवा भी कारगर हुई बाबा के नाम से
न जाने कैसा जादू माँ के हाथ समाया पीड़ा हुई कम बेटे ने आराम भी पाया
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
वार्ता: – छूत वाली बिमारी की परवाह किये बगैर बूढी माँ के द्वारा दिन रात की गई सेवा और
उसके साथ भगवान् से मांगी गई दुआ भी रंग ले आई l लेकिन रातदिन की सेवा से माँ खुद
काफी कमजोर और बीमार सी हो गई l इधर धीरे धीरे श्रवण ठीक होने लगा और जब
डॉक्टर ने उसे छुट्टी देने की बात कही उस दिन माँ बेटे को बताए बिन वापस लौट जाती
है l श्रवण अपनी माँ से माफ़ी मांगने के लिए उन्हें इधर उधर ढूंढता है l इसके बाद वो क्या
होता है आइये आगे सुनते हैं -
M: -होने लगी श्रवण की तबियत में जो सुधार पछताया मन मे माँ से किया था बुरा व्यवहार
ढूंढा जो उसने माँ को तो वो आई न नज़र माँ लौट गई वापस उसे मिलती ये खबर
यह सुनके श्रवण खुद को नहीं रोक है पाता लेकिन अचानक देख पत्नी वो ठिठक जाता
पत्नी ये बोली खुश हूँ कि तबियत में है सुधार बोला श्रवण आगे मेरे ये नाटक है बेकार
संकट के पल में तुम कभी न आई मेरे पास अब आई क्यों यहाँ पे लेके मन में झूठी आस
मै जा रहा हूँ रखने माँ के चरणों में ये माथ अब आगे उम्र भर उन्हें रखूंगा अपने साथ
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
M: - लेने श्रवण चला जो माँ को ऑटो में सवार डरता है मन में आने से माँ कर न दे इंकार
रूकती है गाडी जाके वृद्धाश्रम के जब बाहर माँ माँ चिल्लाके भाग कर वो जाता है अन्दर
लेकिन वो चौंकता है आगे देख नज़ारा आँखों से आंसुओं की बहती अविरल है धारा
माँ ऐसे रूठ जाएगी था इसका न अनुमान बेटे को माफ़ी देने से पहले तजेगी प्राण
सब कहने लगे ये गई बेटे को बचाने दे आई अपनी उम्र भी बेटे को इस माँ ने
श्रवण लिपट के माँ से रोने लगता जार जार लौट आओ हमें माफ़ी दो माँ कहता बार बार
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
M: -सदमा लगा श्रवण को अपनी माँ के जाने का न होश खाने पीने का न घर ठिकाने का
कहते हैं जिसने अपनी माँ का दिल है दुखाया वो प्राणी जगत में कभी सुखी न हो पाया
भटका उधर उधर मगर वो चैन न पाया थक हार एक दिन वो खाटू श्याम में आया
जैसे ही श्रवण आया बाबा श्याम की शरण संताप और दुख मिट गए फिर शांत हुआ मन
श्रवण बिना पत्नी को जग ये लगता था बेकार पति को ढूंढती वो पहुंची बाबा के दरबार
बाबा से अपने भूल की जब मांगती क्षमा स्वच्छ आत्मा होती और श्रवण मिलता है वहां
कोरस: -जो अपनों को ठुकराए, एक दिन वो ठोकर खाए
दिल माँ का जो दुखाए , कभी चैन वो न पाए
लेखक :- सुभाष चंद्र बोस
Thokar-Ek Abhage Ki Dastaan
Recommended
|
Govind Hare Gopal Hare
Pawan Sharma (Pawan Brijwasi)
|
0:11:08 |
|
Jay Ho Shri Ghata Mehandipur Pretraj Sarkar
Satya Prakash Adhikari
|
0:10:06 |
|
O Gaura Dekh Aaya Hai Naya Saal
Aman Rana, Sonu (Soniya Sagar)
|
0:03:39 |
|
Jaa Par Kripa Ram Ki Hoi-Lofi
Surbhi Tiwari (Surabhi Tiwari)
|
0:05:08 |
|
Tere Naam Anek Tere Kaam Anek
Davinder Singh (Davinder Loat)
|
0:04:28 |
|
Dene Ko Sheesh Apna Taiyar Ho Jate Hai
Devesh Kundan
|
0:07:12 |
|
Happy New Year Balaji Happy New Year Baba Shyam
Pradeep Kumar (PK Desi)
|
0:03:23 |
| 0:05:19 | |
|
Hey Murlidhar Chhaliya Mohan
Khushboo Tiwari
|
0:06:34 |
|
Tanne Puju Har Shaniwar
Mukesh Kumar (Mukesh Sharma)
|
0:04:13 |
|
Kan Kan Mein Om Samaya Hai
Sonu (Soniya Sagar)
|
0:05:37 |
|
Baratiya Chhathi Maai Ke
Raju Kumar Sah (Amit Akela Raju), Pooja (Pratima Arya)
|
0:05:42 |